Homeभारतलॉन्ग वीकेंड ने शिमला की हालत खराब कर दी! 3 दिन में...

लॉन्ग वीकेंड ने शिमला की हालत खराब कर दी! 3 दिन में 70 हजार गाड़ियां पहुंचीं, सड़कें पैक, जाम में फंसे सैलानी

बरसात का मौसम थमने की वजह से भारी तादाद में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं। 2 से 4 अक्टूबर तक लॉन्ग वीकेंड के चलते इस दौरान हजारों सैलानियों ने शिमला का रुख किया। शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यातायात दबाव बढ़ गया।
शिमला: लॉन्ग वीकेंड के दौरान हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिली। 2 से 4 अक्टूबर तक महज तीन दिनों में शोघी बैरियर से करीब 70 हजार वाहन शिमला पहुंचे। इनमें लगभग 60 फीसदी वाहन बाहरी राज्यों के रहे। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा और लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा।
पहाड़ पर छूटे सैलानियों के पसीने
आंकड़ों के मुताबिक सामान्य दिनों की तुलना में लॉन्ग वीकेंड पर शिमला पहुंचने वाले वाहनों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा रही। अकेले शनिवार को करीब 25 हजार वाहन शोघी बैरियर से शिमला की ओर आए। तीन दिनों में वाहनों की इतनी बड़ी संख्या ने शहर में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को साफ तौर पर दिखाया। सैलानियों सहित स्थानीय लोगों के भी जाम में पसीने छूट गए।

ट्र्रैफिक प्रभावित, कई जगहों पर जाम की स्थिति
अक्टूबर की शुरुआत में ही पर्यटकों की भारी आमद से शिमला की सड़कें वाहनों से पैक नजर आईं। शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। ढली से संजौली मार्ग पर टारिंग का काम चलने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सड़क पर काम के कारण कई स्थानों पर वाहनों को धीमी गति से गुजरना पड़ा, जिससे देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसका असर आसपास के संपर्क मार्गों पर भी देखने को मिला।
पर्यटन कारोबार को मिला बड़ा बूस्ट
आने वाले दिनों में भी पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, ऐसे में वाहनों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इससे शिमला के होटल, रेस्तरां, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। लॉन्ग वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन कारोबार को अच्छा बूस्ट मिला है। शिमला ही नहीं, प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है।
ASP सिटी शिमला मेहर पंवार ने कहा कि शहर में टारिंग के कार्य के चलते भी ट्रैफिक का दबाव अधिक देखने को मिला। उन्होंने कहा कि शिमला पुलिस की प्राथमिकता ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। लोगों से अपील है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें। आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए शिमला पुलिस पूरी तरह तैयार है।

वहीं उत्तराखंड की बात करें तो वीकेंड के चलते नैनीताल, भीमताल, कैंची धाम समेत कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कैंचीधाम एक बार फिर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया है। नीब करौरी धाम में भक्तों का तांता लगा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img