Homeखेलआईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को फायदा, तीन मैच जीतकर नंबर वन...

आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को फायदा, तीन मैच जीतकर नंबर वन के करीब पहुंचा भारत

आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को फायदा मिला है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम लगातार तीन मैच अपने नाम कर चुकी है, अब जल्द ही हो सकता है भारत फिर से पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज हो जाए।
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के पहले तीन मैच टीम इंडिया ने जीत लिए हैं। बैक टू बैक तीन मैच जीतकर सीरीज पर भी भारतीय टीम का कब्जा हो गया है। अभी दो मैच बाकी हैं। इस बीच भारत को आईसीसी रैंकिंग में जबरदस्त फायदा मिला है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया अब फिर से नंबर वन बनने के करीब पहुंच चुकी है। अब इंग्लैंड की पहले नंबर की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है।
तीन मैच जीतकर भारत की रेटिंग में हुआ सुधार
टीम इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा जारी है। सीरीज का पहला मैच 22 अक्टूबर को खेला गया था। अगर 21 अक्टूबर की आईसीसी टी20 रैंकिंग पर नजर डालें तो पता चलता है कि भारत की रेटिंग 267 की है। उस वक्त इंग्लैंड की टीम 269 की रेटिंग के साथ पहले नंबर पर काबिज थी। लेकिन अब यानी तीन मैच होने और भारत की जीत के बाद टीम इंडिया की रेटिंग बढ़ गई है। भारत की रेटिंग आज यानी 28 अक्टूबर को 269 की हो चुकी है। जैसा कि हमने पहले ही आपको बताया कि इंग्लैंड की रेटिंग भी इतनी ही है।

टीम इंडिया फिर से वन सकती है टॉपर
अब आईसीसी टी20 रैंकिंग में भारत और इंग्लैंड की रेटिंग बराबर हो चुकी है, लेकिन अगर दशमलव तक के अंकों को जोड़ा जाए तो इंग्लैंड की हल्की सी बढ़त दिखाई पड़ती है। लेकिन इतना तो तय है कि इंग्लैंड की पहले नंबर की कुर्सी पर खतरा है। भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का चौथा मैच शुक्रवार को खेला जाएगा, इसके बाद रविवार को आखिरी मैच होगा। अगर भारत ने न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ कर दिया और सभी पांच मैच जीत लिए तो पक्का है कि टीम इंडिया इंग्लैंड को पछाड़कर फिर से टी20 इंटरनेशनल की नंबर वन टीम बन जाएगी।

न्यूजीलैंड की रेटिंग घटी, अभी चौथे नंबर पर काबिज
पहले दो नंबर की टीमों की बात हो हमने कर ली, लेकिन एक नजर उसके नीचे की तीन और टीमों की करें तो यहां ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है। उसकी रेटिंग 260 की है। न्यूजीलैंड की रेटिंग 245 की है और टीम नंबर चार पर है। इसी न्यूजीलैंड की रेटिंग सीरीज के शुरू होने से पहले 247 की थी, जो अब घट गई है। इसके बाद साउथ अफ्रीका की टीम है, जिसकी रेटिंग 243 की है। पाकिस्तान का नाम टॉप 5 में नहीं है, वो छठे नंबर पर है। उसकी रेटिंग केवल 240 की ही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img