Homeस्थानीयघर में यूरिया से नकली दूध बना रहे थे दो भाई, 1...

घर में यूरिया से नकली दूध बना रहे थे दो भाई, 1 हजार लीटर बाजार में खपाया; त्योहारों पर 10 हजार लीटर बेचने की थी तैयारी

मंदसौर के डूंगरखेड़ी गांव में दो भाई अपने घर में ही नकली दूध की फैक्ट्री चला रहे थे। पुलिस की दबिश से पहले दोनों आरोपी फरार हो गए। मौके से 10 लीटर नकली दूध के साथ यूरिया खाद, पाम ऑयल, वनस्पति तेल, पाउडर और दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नकली दूध के कारोबार का मामला सामने आया है। शामगढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में दो भाई अपने घर में नकली दूध तैयार कर बाजार में बेच रहे थे। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर नकली दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घर को बना रखा था नकली दूध की फैक्ट्री
पुलिस के मुताबिक, डूंगरखेड़ी गांव में कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह नाम के दो भाई अपने घर में नकली दूध बनाने का काम कर रहे थे। यह मकान आबादी वाले इलाके से कुछ दूरी पर स्थित है। सूचना मिलने के बाद शामगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से करीब 10 लीटर नकली दूध के साथ यूरिया खाद, पाम ऑयल, वनस्पति तेल, पाउडर और दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस को मौके से मिक्सर मशीन, मिक्सर प्लस कूलिंग उपकरण, पारस कंपनी के तेल के डिब्बे, पाउडर के 25-25 किलो वाले सात बोरे, 10 खाली डिब्बे और 15 लीटर की पांच केन में वनस्पति तेल भी मिला है।

1 हजार लीटर से ज्यादा दूध बेचने का दावा
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई अब तक एक हजार लीटर से अधिक कथित नकली दूध बाजार में खपा चुके थे। बताया जा रहा है कि असली दूध में नकली दूध मिलाकर उसे बाजार में बेचा जा रहा था। त्योहारों के दौरान इस कारोबार को बड़े स्तर पर बढ़ाने की योजना थी और करीब 10 हजार लीटर नकली दूध तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर लिए नमूने
पुलिस ने कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार करने के साथ नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की। शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने बताया कि पुलिस ने दबिश देकर मौके से संदिग्ध दूध और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपी फरार हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। नकली दूध में यूरिया के इस्तेमाल और बरामद सामग्री से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच एवं खाद्य नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर होनी बाकी है।

इससे पहले ग्वालियर से मानव जीवन के साथ खिलवाड़ कर देने वाली तस्वीरें सामने आई थीं। यहां सीमेंट और केमिकल मिलाकर नकली जीरा बनाया जा रहा था। यह जीरा सौंफ पर सीमेंट और रसायन का लेप लगाकर बनाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई कर 46 बोरियां जब्त की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img