नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य में सियासी उठापटक तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने वाले तीन विधायक आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। इनमें पूर्व मंत्री एवं समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और अमृतसर उत्तर से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। तीनों दिल्ली में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी आज पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। उनके बीजेपी में शामिल होने से पंजाब में चुनाव से पहले सियासी समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
विधायकों की सदस्यता रद्द कराने की तैयारी में AAP
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द कराने के लिए स्पीकर से मांग करने की बात कही है। पार्टी का दावा है कि दोनों विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पहले ही निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया।
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले विधायकों के पाला बदलने की इस हलचल को राज्य की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।


