Homeस्थानीयMP News: TI दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के आरोपी का...

MP News: TI दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में घायल

भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास जिले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद बरोठा रोड पर पुलिस ने गोली चलाई। इस कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी गजेंद्र को खातेगांव थाने ले जा रही थी। इसी दौरान बरोठा रोड पर उसने पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने के लिए कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

अवैध शराब की चेकिंग के दौरान TI को ट्रक से कुचला

दरअसल, खातेगांव में पुलिस की टीम अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी अपनी टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा।

आरोप है कि पुलिस को देखकर ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दिया और थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को कुचल दिया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया था दुख

घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी के निधन पर दुख जताया था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी।

मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर भेजने और निष्पक्ष जांच के साथ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता और पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने दिवंगत थाना प्रभारी की पत्नी को सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए थे। उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img