Homeमीडियामोरनी से समलोठा-बड़ी शेर जाने वाली बस दो दिन से अनियमित, स्कूली...

मोरनी से समलोठा-बड़ी शेर जाने वाली बस दो दिन से अनियमित, स्कूली बच्चे परेशान

समय पर बस नहीं पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, ग्रामीणों ने हरियाणा रोडवेज पंचकूला डिपो से समाधान की मांग की

मोरनी। मोरनी से समलोठा और बड़ी शेर रोड पर चलने वाली बस पिछले दो दिनों से निर्धारित समय के अनुसार नहीं चल रही है। बस के समय में बदलाव और अनियमित संचालन के कारण आम यात्रियों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, बस के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के कारण कई विद्यार्थी समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। मंगलवार को कई बच्चे सुबह करीब 8 बजे स्कूल पहुंचने के बजाय लगभग 8:45 बजे पहुंचे। वहीं, कुछ बच्चों को समय पर बस नहीं मिलने के कारण वापस घर लौटना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि जब बस चालक से समय को लेकर बात की गई तो चालक ने कथित तौर पर कहा कि वह अपने समय के अनुसार ही बस चलाएगा। इससे यात्रियों में रोष है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर ड्यूटी इंस्पेक्टर राजकुमार से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत और परेशानी के बावजूद बस सेवा की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।

ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य रोमा राणा तथा मोरनी क्षेत्र के सभी सरपंचों से अपील की है कि वे इस सार्वजनिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा रोडवेज पंचकूला डिपो के अधिकारियों के समक्ष मामला उठाएं और बस सेवा को निर्धारित समय के अनुसार सुचारू करवाएं।

ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा विद्यार्थियों और आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए रोडवेज विभाग समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित करे, ताकि बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की दैनिक यात्रा प्रभावित न हो।

ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img