Homeमीडियाएंबुलेंस को रास्ता देने के लिए रुकवाई वीवीआईपी गाड़ी, ईमानदारी और मानवता...

एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए रुकवाई वीवीआईपी गाड़ी, ईमानदारी और मानवता के लिए होमगार्ड संजीव सम्मानित

पंचकूला पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की पहल, अब ड्यूटी पॉइंट पर ही सम्मानित होंगे सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी

पंचकूला, 16 अक्टूबर। पंचकूला में ड्यूटी के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने वाले होमगार्ड संजीव को सम्मानित किया गया। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करने, लावारिस पर्स उसके वास्तविक मालिक को लौटाने और एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए वीवीआईपी वाहन तक रुकवाने जैसे सराहनीय कार्य किए हैं।

पंचकूला के सेक्टर-6/7 की ट्रैफिक लाइटों पर तैनात होमगार्ड संजीव को उनके अच्छे कार्यों के लिए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह की ओर से प्रशंसा पत्र जारी किया गया। एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने उनके ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचकर उन्हें प्रशंसा पत्र सौंपा।

जानकारी के अनुसार, होमगार्ड संजीव ने कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों की सहायता करते हुए समय पर एंबुलेंस बुलाने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी। इसके अलावा, सड़क पर मिले लावारिस पर्स को उसके असली मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए रास्ता सुनिश्चित किया। एक बार उन्होंने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए वीवीआईपी वाहन को भी रुकवा दिया, ताकि मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी न हो।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता करना और मानवीय मूल्यों का सम्मान करना भी पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण कर्तव्य है। होमगार्ड संजीव ने तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाकर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस की ओर से एक विशेष पहल शुरू की गई है, जिसके तहत ड्यूटी के दौरान अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को उनके तैनाती स्थल पर ही सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना और अन्य कर्मचारियों को भी ईमानदारी तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img