जम्मू। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की जानकारी साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई।’ इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया। उमर अब्दुल्ला ने एक्स (X) पर भी अपनी शादी की जानकारी साझा की।
उनकी इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। शादी के बाद उमर अब्दुल्ला के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।
तलाक के करीब तीन महीने बाद की शादी
उमर अब्दुल्ला की यह शादी सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक की मंजूरी दिए जाने के करीब तीन महीने बाद हुई है।
दरअसल, 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के विवाह को समाप्त करने का आदेश दिया था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध खत्म करने और लंबित विवादों का निपटारा करने पर सहमति जताई थी। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने पर भी सहमति दी थी।
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था तलाक का मामला
उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद के लिए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था।
उमर अब्दुल्ला की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं और सभी लंबित विवादों को आपसी सहमति से समाप्त करने पर सहमत हो गए हैं।
1994 में हुई थी पायल अब्दुल्ला से शादी
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी वर्ष 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बेटे जाहिर और जमीर हैं।
दोनों वर्ष 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने वर्ष 2011 में सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव की जानकारी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी सुनवाई के दौरान दोनों के लंबे समय से अलग रहने का उल्लेख किया था।
अब निधि राजदान के साथ शादी की घोषणा के बाद उमर अब्दुल्ला की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है।


