देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शराब से भरे एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ने की कोशिश में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की जान चली गई। आरोप है कि ट्रक चालक ने पुलिस अधिकारी को वाहन से कुचल दिया। हादसे में थाना प्रभारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए बनाई गई थीं कई टीमें
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक ट्रक आ रहा है, जिसे इंदौर के रास्ते गुजरात ले जाया जाना था। सूचना के बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं।
इन टीमों में कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रही थीं। इसके साथ ही रास्ते में नाकाबंदी भी की गई थी।
चालक से पूछताछ के दौरान हुआ विवाद, ट्रक लेकर भागने लगा आरोपी
बताया जा रहा है कि हरदा-नेमावर हाईवे पर संदिग्ध ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी मौके पर पहुंचे और चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा।
इस दौरान दोनों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
2007 बैच के सब इंस्पेक्टर थे दिलीप पुरी
थाना प्रभारी दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। इससे पहले वह इंदौर के हीरा नगर और चंदन नगर थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार; शराब तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने शराब से भरे ट्रक (MP 43 H 4786) को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में शराब तस्करी के नेटवर्क से हरदा के राहुल जायसवाल का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। देवास के कुछ तस्करों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
फिलहाल पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे गुजरात में किसे पहुंचाया जाना था। थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।


