HomeEntertainmentShah Rukh Khan Birthday: 61वें जन्मदिन पर शाहरुख ने फैंस को दिया...

Shah Rukh Khan Birthday: 61वें जन्मदिन पर शाहरुख ने फैंस को दिया तोहफा, ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन पर फैंस को खास तोहफा दिया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज कर दिया गया है। रोमांस, एक्शन और शानदार विजुअल्स से भरपूर इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिल रही है।

गाने की सबसे खास बात यह है कि इसमें बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह के साथ इंटरनेशनल पॉप स्टार एड शीरन की भी आवाज सुनाई दे रही है। मधुबंती बागची ने भी इस गाने को अपनी आवाज दी है। ट्रैक में रोमांटिक अंदाज के साथ अंग्रेजी रैप का तड़का लगाया गया है।

अरिजीत सिंह और एड शीरन की आवाज का दिखा जादू

‘तू मिल जाए’ एक रोमांटिक डांस ट्रैक है, जिसे सचिन-जिगर ने कंपोज किया है। इसके बोल कुमार ने लिखे हैं, जबकि गाने में अंग्रेजी रैप एड शीरन ने खुद लिखा है। गाने की कोरियोग्राफी पीयूष-शाजिया ने की है।

वीडियो की शुरुआत शाहरुख खान के दमदार डायलॉग से होती है। वह कहते हैं, ‘मैं कातिल नहीं, आशिक हूं और निशाना मेरी माशूका। वो आशिक ही क्या जो दिल चीर न दे।’ इसके बाद शाहरुख और दीपिका के रोमांटिक डांस और एक्शन से भरपूर दृश्य देखने को मिलते हैं।

गाने का म्यूजिक नए प्रयोगों और अलग-अलग म्यूजिकल स्टाइल का मिश्रण है। हालांकि, इसके कुछ विजुअल्स शाहरुख की फिल्म ‘पठान’ के गाने ‘बेशर्म रंग’ की याद भी दिलाते हैं।

सुहाना खान समेत कई सितारे आएंगे नजर

फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, अभय वर्मा और अरशद वारसी समेत कई कलाकार नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया जा रहा है।

24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी ‘किंग’

‘पठान’ के बाद सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख खान की यह दूसरी बड़ी फिल्मी साझेदारी है। ‘किंग’ को एक स्टाइलिश और हाई-ऑक्टेन एक्शन एंटरटेनर के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म में एक्शन, रोमांच और शाहरुख के खास अंदाज का मेल देखने को मिलेगा।

यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब गाना रिलीज होने के बाद फैंस को फिल्म के ट्रेलर और बड़े पर्दे पर शाहरुख के नए अवतार का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

spot_img